गोंदिया | प्रतिनिधि
जनसेवा सप्ताह के अंतर्गत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से लोकनेता स्व. अजितदादा पवार की जयंती के अवसर पर गोंदिया तहसील के रजेगांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र में भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन सांसद प्रफुल पटेल एवं राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
![]()
स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच की गई। विभिन्न बीमारियों का परीक्षण कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों का विशेष सहयोग रहा।
![]()
शिविर को सफल बनाने में अधिष्ठाता डॉ. कुसुमाकर घोरपड़े, शल्य चिकित्सक डॉ. पुरुषोत्तम पटले, डॉ. संजय माहुले, डॉ. आनित आटे, डॉ. गुरुप्रकाश खोब्रागड़े, डॉ. रणजीत खरोले, डॉ. आरुष मुंडे, डॉ. मयूर मेश्राम, डॉ. मोहित गजभिये, डॉ. सुप्रिया बोरकर सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर केतन तूरकर, अखिलेश सेठ सहित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, चिकित्सा अधिकारी, डॉक्टर तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। आयोजन को जनसेवा सप्ताह की एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल के रूप में सराहा गया।
