गोंदिया: सूर्याटोला, बांधतालाब परिसर में दिनदहाड़े खूनी लूट! मॉर्निंग वॉक के दौरान बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला, सोने की चेन और अंगूठी लूटकर बदमाश फरार

937 Views

गोंदिया। शहर के सूर्याटोला स्थित बांध तालाब परिसर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया। मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रहे 68 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक प्रदीप अपाले पर एक अज्ञात बदमाश ने पीछे से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने धारदार हथियार से उनके सिर पर लगातार दो वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन और हाथ की उंगली में पहनी सोने की अंगूठी लूट ली और मौके से फरार हो गया।

घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। प्रदीप अपाले रोज की तरह सूर्याटोला बांध तालाब परिसर में मॉर्निंग वॉक करने गए थे। लौटते समय पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावर ने पीछे से उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से वे संभल भी नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ी आसानी से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल प्रदीप अपाले को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का पंचनामा किया और अज्ञात आरोपी के खिलाफ लूट एवं जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में विशेष टीम जुटा दी गई है।

इस दिनदहाड़े हुई खूनी लूट की वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बांध तालाब परिसर को मॉर्निंग वॉक के लिए सुरक्षित माना जाता था, वहीं हुई इस वारदात से स्थानीय नागरिकों में भारी दहशत फैल गई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी, क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Related posts