176 Views
नईदिल्ली/भंडारा।
देशभर के विद्यार्थियों के भविष्य, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक का दिल्ली के जंतर-मंतर पर आमरण अनशन गुरुवार को 19वें दिन भी जारी रहा। लंबे समय से जारी इस भूख हड़ताल के चलते उनकी सेहत लगातार गिरते जा रही। आज भंडारा-गोंदिया के सांसद डॉ. प्रशांत पडोले ने अनशन स्थल पर पहुँच कर सोनम वांगचुक, सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके से मुलाकात की और हजारों समर्थकों को संबोधित किया।
डॉ. प्रशांत पडोले ने देश के सामाजिक कार्यकर्ता व शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की और भगवान से इस लड़ाई में उन्हें शक्ति देने की प्रार्थना की। सांसद पडोले ने कहा, आज आप करोड़ो युवाओं के हक अधिकार के लिए लड़ रहे है। बिगड़ैल सिस्टम के खिलाफ लड़ रहे है। देश का युवा खतरे में है। पेपर लीक मामलों से उनके सपने तार-तार हो रहे है। ये सब इस सरकार के रहते हो रहा है। 10 वर्षो में 70 बार पेपर लीक हुए।
सांसद पडोले ने कहा, बिगड़े सिस्टम के खिलाफ पिछले 19 दिन से अनशन जारी है, पर सरकार के कान में जूं तक नही रेंग रही। करोड़ो देशवासी आवाज उठा रहे है पर सरकार देश के भविष्य कर्ता को लेकर सो रही है।
उन्होंने कहा, मैं सोनम वांगचुक जी को नमन करता हूँ, जो युवाओं के भविष्य और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की माँग को लेकर अनशन पर हैं। उनका संकल्प पूरे देश के लिए प्रेरणा है। हमारी माँग स्पष्ट है—हर परीक्षा निष्पक्ष हो, हर भर्ती समयबद्ध हो, पेपर लीक पर कठोर कार्रवाई हो और हर योग्य युवा को उसकी मेहनत के आधार पर न्याय मिले। युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनके विश्वास की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से आव्हान किया कि, एक पारदर्शी, जवाबदेह और न्यायपूर्ण भारत के निर्माण के लिए साथ आएँ।
