क्षेत्र के विकास में दोनों जनप्रतिनिधियों की भूमिका होगी महत्वपूर्ण : सांसद प्रफुल पटेल

221 Views

भंडारा में राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन एवं विधान परिषद सदस्य अविनाश ब्राह्मणकर का महायुति की ओर से संपन्न हुआ भव्य सार्वजनिक सत्कार समारोह

भंडारा | प्रतिनिधि
भंडारा में महायुति सत्कार समिति की ओर से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन तथा विधान परिषद सदस्य अविनाश ब्राह्मणकर के सम्मान में भव्य सार्वजनिक सत्कार समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद प्रफुल पटेल ने की। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र और महाराष्ट्र में महायुति की डबल इंजन सरकार होने से विकास कार्यों को नई गति मिली है और इसका लाभ प्रदेश के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।
सांसद प्रफुल पटेल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के साथ कर्जमुक्ति योजना को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि जब भी किसान, आम नागरिक अथवा महिलाओं पर कोई संकट आया है, तब महायुति सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी रही है। यही सुशासन और समग्र विकास की पहचान है।
उन्होंने कहा कि महायुति ने विदर्भ को सम्मान देते हुए क्षेत्र के प्रतिनिधि राजेंद्र जैन को राज्यसभा तथा आम जनमानस से जुड़े अविनाश ब्राह्मणकर को विधान परिषद में प्रतिनिधित्व का अवसर दिया है। इन दोनों जनप्रतिनिधियों को मिली जिम्मेदारी गोंदिया, भंडारा सहित पूरे पूर्व विदर्भ के सर्वांगीण विकास को नई दिशा और गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
समारोह का उद्घाटन महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने किया। कार्यक्रम में पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर, विधायक डॉ. परिणय फुके, राजकुमार बडोले, विजय रहांगडाले, नरेंद्र भोंडेकर, राजूभाऊ कारेमोरे, संजय पुराम सहित वीरेंद्र अंजनकर, लायकराम भेंडारकर, सुनील फुंडे, धनंजय दलाल एवं अन्य जनप्रतिनिधि व वरिष्ठ पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
अभिनंदन समारोह में भंडारा एवं गोंदिया जिले के महायुति के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न प्रकोष्ठों, मोर्चों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में दोनों नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया।

Related posts