गोंदिया: 20 बिजली के खंभो से लाखों रुपयों का एल्युमिनियम तार चोरी, 7 गिरफ्तार 3 फरार..

356 Views

 

गोंदिया. जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली के खंभों पर लगे एल्युमिनियम तार चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच टीम ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में चोरी का 6 लाख 87 हजार 200 रु. का माल बरामद किया है, जिसमें 4 लाख 17 हजार 200 रु. मूल्य का एल्युमिनियम तार तथा 2 लाख 70 हजार रु. कीमत का पिकअप वाहन शामिल है. इस मामले में 10 आरोपियों में से 7 को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य 3 आरोपियों की तलाश जारी है.
एमएसईडीसीएल के ठेकेदार विशाल शुक्ला ने 16 जून को आमगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 व 14 जून की मध्यरात्रि के दौरान आसोली-जांभुरटोला तथा आसोली-तिगांव मार्ग पर करीब 20 बिजली के खंभों से 3,300 मीटर पॉलीकैब कंपनी का एल्युमिनियम तार काटकर चोरी कर लिया गया. मामले की समानांतर जांच स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में चल रही थी.

तकनीकी और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने नागरा निवासी तारेख नीलकंठ बिसेन को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसने अपने साथियों के साथ आमगांव, रामनगर, गोंदिया ग्रामीण, गोरेगांव तथा जिले के अन्य क्षेत्रों में बिजली के खंभों से एल्युमिनियम तार चोरी करने की बात कबुल की.
जांच में नागरा निवासी आलोक ब्रिजलाल ढेकवार (22), अजय धीरजलाल अटराहे (22), अमित चिमनलाल बघेले (25), सावरी निवासी दीपक कुवरलाल मेश्राम (21), नागरा निवासी मुकेश खिरनलाल भेदरे (30) व रोहन किशोर लिल्हारे (30) की भी इस गिरोह में संलिप्तता सामने आई. आरोपियों ने चोरी का माल सावरी निवासी दीपक मेश्राम के पिकअप वाहन क्र. एमएच 50-5648 से चारगांव निवासी कबाड़ व्यवसायी ओमप्रकाश उर्फ कालू नागपुरे को बेचा था. आगे की पूछताछ में ओमप्रकाश ने बताया कि उसने यह माल गोंदिया के मेहबूब रशीद मलिक और नवदीप विजय शर्मा को बेच दिया. इसके बाद पुलिस ने गणेशनगर स्थित गोदाम पर छापा मारकर चोरी का एल्युमिनियम तार बरामद किया.
कार्रवाई के दौरान आमगांव थाने के दो मामलों से 1 लाख 8 हजार रु., रामनगर थाने के मामले से 59 हजार 200 रु., ग्रामीण व गोरेगांव क्षेत्र से करीब 2 लाख 50 हजार रु. का एल्युमिनियम तार तथा चोरी में इस्तेमाल किया गया 2 लाख 70 हजार रु. कीमत का पिकअप वाहन जब्त किया गया. इस प्रकार पुलिस ने कुल 6 लाख 87 हजार 200 रु. का माल जब्त किया है.
गिरफ्तार सातों आरोपियों को आगे की जांच के लिए आमगांव पुलिस को सौंप दिया गया. जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे व अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुडे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक जंगमवार, सहायक फौजदार राजेंद्र मिश्रा, हवलदार विठ्ठलप्रसाद ठाकरे, संजय चव्हाण, राजकुमार खोटेले, रियाज शेख, सोमेंद्रसिंह तुरकर, महेश मेहर आदि ने की.

Related posts