गोंदिया, तिरोड़ा नप हुई OBC जनरल, अब पार्टियों के हाथ में ओबीसी नेतृत्व को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी..

273 Views

राज्य में 247 नगर पालिकाओं 147 नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के आरक्षण घोषित..

ज़ाहिद खान। 06 अक्तूबर

गोंदिया। सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव कराने हेतु दिए गए निर्देशों के बाद आज मंत्रालय में नगर पालिका/परिषद, नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों का आरक्षण जाहिर किया गया। गौरतलब है कि राज्य में 247 नगर परिषद एवं 147 नगर पंचायत के चुनाव आगामी समय में होने जा रहे जिसे लेकर ये अध्यक्ष पदों का आरक्षण जारी किया गया।

राज्यमंत्री माधुरी मिसाल की अध्यक्षता में हुए आरक्षण घोषणा के तहत 67 सीटों के ओबीसी आरक्षण के तहत 34 सीटों पर महिलाओं को आरक्षण का लाभ दिया गया। वही अनुसूचित जाति, जमाती के लिए आरक्षित 33 सीटों में 17 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई। अनुसूचित जमाती के आरक्षित 11 सीटों में 6 सीटें महिलाओं को प्रदान की गई। इतना ही नही 136 जनरल सीटों पर भी 68 सीटें महिलाओं को देकर राज्य में समान अधिकार प्रदान किया गया।
गोंदिया-भंडारा जिले की बात करें तो यहां गोंदिया नगर परिषद एवं तिरोड़ा नगर परिषद ओबीसी जनरल को दी गई। जबकि तुमसर रामटेक भी ओबीसी जनरल रखी गई। भंडारा, साकोली नप ओपन महिला आरक्षित की गई।
इसी तरह नगर पंचायतो में गोरेगांव (अनु. जमाती), अर्जुनी मोरगाँव (अनुसूचित जमाती महिला), सड़क अर्जुनी (जनरल महिला), सालेकसा (जनरल) आरक्षित की गई।
ओबीसी समाज को बड़ी भागीदारी मिलने से राज्य में राजनीतिक समीकरण बदल गया है। राजनीतिक दलों ने आरक्षण की घोषणा होते ही नगर परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष हेतु चेहरे तलाशने शुरू कर दिए है।
गोंदिया-तिरोड़ा नगर परिषद में कई कद्दावर नेता सभी राजनीतिक दलों के पास है। अब देखना होगा कि किसे आगे बढाने का अवसर पार्टियां देती है। इस आरक्षण से उन नेताओं के चेहरे लटक गए है जिन्होंने बड़ी शिद्दत से इतने साल कड़ी मेहनत कर इंतजार किया था। अब उनके पास प्रभाग स्तर पर चुनाव लड़ने का अवसर है।

Related posts