गोंदिया: पुरानी रंजिश और रुपयों के चलते गोलू तिवारी की गोली मारकर हत्या, 7 गिरफ्तार…

4,653 Views

29 तक पीसीआर, मुख्य आरोपी मोहित मराठे

क्राइम न्यूज।
गोंदिया। 22 अप्रैल की रात करीब 9 बजे कुड़वा क्षेत्र के गायत्री मंदिर के समीप जीडीसीसी बैंक के सामने से बाइक से जा रहे रेती, व्यवसायी रोहित उर्फ गोलू तिवारी को किन्ही अज्ञातों ने गोली मार दी थी। इस घटना में गोलू तिवारी की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना के देर रात तक चली पुलिस जांच व शिकायत के बाद रामनगर पुलिस ने इस गोलीकांड के मुख्य मास्टरमाइंड सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रामनगर थाने में आज 23 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक निखिल पिंगले के मार्गदर्शन में एसडीपीओ रोहिणी बनकर मैडम व पुलिस निरीक्षक संदेश केजले ने पत्रकार परिषद लेकर घटना की जानकारी दी।
पुलिस उपअधीक्षक रोहिनी बनकर ने बताया कि ये हत्या पुरानी रंजिश व रूपयों के लेनदेन को लेकर की गई है। मृतक रोहित उर्फ गोलु तिवारी घटना के समय पाल चौक से गायत्री मंदिर के रास्ते कुड़वा चौक की ओर बाइक से जा रहा था, तभी दो बाइक पर सवार आरोपियों ने बंदूक से फायर कर रोहित उर्फ गोलु पर गोली दाग दी। जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक गोलु तिवारी 2012 में धरम दावने हत्याकांड का आरोपी रहा है, जो बेल पर बाहर था। इसी तरह इस प्रकरण का मुख्य आरोपी मोहित मराठे पर धारा 302 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस ने जिन आरोपियों की गिरफ्तारी की है, उनमें मुख्य आरोपी मोहित मराठे उम्र 36 वर्ष निवासी शास्त्री वार्ड,गोंदिया, राजेन्द्र उर्फ बंटी दावने 42, हीरो शंकर दावने 37 निवासी दस खोली गोंदिया, शिवानंद उर्फ सुजल भेलावे, विनायक रविंद्र नेवारे 21 निवासी गिरोला, गोंदिया, रितेश उर्फ सोंटू खोब्रागडे कस्तूरबा वार्ड, गोंदिया, सतीश सुग्रीव सेन 23 निवासी जबलपुर मध्यप्रदेश का समावेश है।
इनमें पुलिस टीम ने बंटी दावने और हीरो दावने को गोंदिया से गिरफ्तार किया जबकि शेष आरोपीयों को देवरी से गिरफ्तार किया गया। बहरहाल इस गोलीकांड की घटना से पूरा शहर दहशत में है। ज्ञात हो कि तीन चार माह में शहर में हत्या की घटनाएं बढ़ गई है।
मृतक के भाई फिर्यादि राहुल हरिप्रसाद तिवारी की शिकायत पर रामनगर थाना के पुलिस उपनिरीक्षक प्रियंका देसाई ने भादवि की धारा 302, 34, सहकलम 3/25 भा.ह. का. 37 (1), 135 के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक राजू बस्तावड़े कर रहे है।

Related posts