हादसे रोकने सड़कों के अधूरे काम तुरंत पूरे करें : सांसद राजेंद्र जैन

120 Views

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता को दिए त्वरित सुधार के निर्देश

गोंदिया, 06 अक्तूबर| जिले के गोंदिया-तिरोड़ा और गोंदिया-बालाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर नागरा से रावणवाड़ी के बीच अधूरे सड़क निर्माण कार्यों के चलते लगातार हो रहे हादसों को लेकर सांसद राजेंद्र जैन ने गंभीर नाराजगी जताई है। पिछले एक माह में इस मार्ग पर तीन-चार हादसे हो चुके हैं, जिनमें करीब 10 से 12 लोगों की जान जाने की जानकारी सामने आई है। बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए सांसद जैन ने मंगलवार को संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर तत्काल आवश्यक उपाययोजना करने के निर्देश दिए।

बैठक में सांसद जैन ने कहा कि तिरोड़ा मार्ग पर उत्तम सावजी के समीप सड़क का संकरा और घुमावदार हिस्सा दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रहा है। वहीं गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर भी कई स्थानों पर सड़क निर्माण का काम अधूरा पड़ा है। कई जगह नालियों के लिए खुदाई कर दी गई है, लेकिन वहां निर्माण कार्य चलने संबंधी चेतावनी या सूचना बोर्ड तक नहीं लगाए गए हैं। सड़क के अधूरे कार्य और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण इस मार्ग पर दुर्घटनाओं का सिलसिला बढ़ रहा है।

सांसद राजेंद्र जैन ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता शास्त्री को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी नवरात्रोत्सव 11 अक्टूबर से शुरू होने वाला है। ऐसे में इन मार्गों पर यातायात का दबाव और बढ़ेगा। इसलिए नवरात्रि से पहले सड़क के गड्ढों की मरम्मत, आवश्यक दिशादर्शक बोर्ड लगाने, निर्माणाधीन स्थानों पर स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने तथा सुरक्षा के लिए रिबन सहित अन्य आवश्यक इंतजाम तत्काल किए जाएं।

उन्होंने विशेष रूप से विजयनगर नाला क्षेत्र में सड़क पर बने गड्ढों को जेसीबी की सहायता से तत्काल भरने के निर्देश दिए। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़ी लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कार्य तत्काल पूरे किए जाएं।

Related posts