गोंदिया: टिप्पर की टक्कर में बाइक में सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत, दो गंभीर

1,130 Views

शादी से वापस लौट रहा था परिवार, भागवत टोला के समीप घटी घटना..

प्रतिनिधि। (01अप्रैल)
गोंदिया। शहर से सटे ग्राम ढाकनी में एक शादी समारोह में शामिल होकर दूसरे दिन बाइक से घर लौट रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की टिप्पर की जबरदस्त टक्कर में दर्दनाक मौत हो गई, वही दो अन्य गंभीर घायल हो गए।
ये हृदय विदारक घटना शनिवार 01 अप्रैल 2023 के सुबह भागवत टोला-मुर्री मार्ग पर होने की जानकारी मिली है। इस दुर्घटना में बाईक में सवार खुमेंद्र बिसेन (३७), आदित्य खुमेंद्र बिसेन (७) व आर्वी कमलेश तुरकर (५) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि माहेश्वरी खुमेंद्र बिसेन (३०) व मोहित खुमेंद्र बिसेन (५)  निवासी दासगाव को घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना के संदर्भ में रामनगर थाना पुलिस ने बताया कि, खुमेंद्र बिसेन ये अपनी पत्नी, बेटे व भांजी को लेकर शुक्रवार रात गोंदिया के समीप ढाकणी में शादी समारोह में शामिल होने आए थे। आज वापस बाइक से दासगाव जाते समय मुर्री-भागवत टोला मार्ग पर विरुद्ध दिशा से आ रहे टिप्पर क्रमांक एम.एच.३५– के. ०२९८ ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी।
इस घटना में खुमेंद्र बिसेन व उसका लड़का आदित्य व भांजी आर्वी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि माहेश्वरी बिसेन व मोहित बिसेन गंभीर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है।
 घटना की खबर लगते ही रामनगर पोलीस थाने के पीआई बास्तवडे घटनास्थल पर रवाना होकर घटना का पंचनामा किया गया। इस घटना में चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related posts