GONDIA: दिवाली से पहले शुरू होंगे आधारभूत धान खरीदी केंद्र- सांसद प्रफुल पटेल

103 Views

 

गोंदिया,18 अक्टूबर। गोंदिया और भंडारा सहित पूर्व विदर्भ में खरीफ सीजन के धान की कटाई और मड़ाई का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। ऐसे में धान उत्पादक किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए आधारभूत धान खरीदी केंद्र शुरू होने का इंतजार था। किसानों की इस महत्वपूर्ण समस्या को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद खा. प्रफुल पटेल ने पहल करते हुए पणन विभाग के समक्ष लगातार पाठपुरावा किया। उनके प्रयासों का परिणाम सामने आया है और दिवाली से पहले गोंदिया एवं भंडारा जिले में आधारभूत धान खरीदी केंद्र शुरू किए जाने की जानकारी जिला पणन अधिकारी ने दी है।

खरीफ सीजन में अल्प अवधि वाली धान की फसल की मड़ाई प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य दिलाने और आधारभूत केंद्रों पर धान खरीदी प्रक्रिया तत्काल शुरू कराने के उद्देश्य से खा. प्रफुल पटेल ने कुछ दिन पूर्व मंत्री श्री छगन भुजबळ के दालन में पणन विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए पाठपुरावा किया था। इसके बाद पणन विभाग ने मार्केटिंग फेडरेशन की अभिकर्ता संस्थाओं को धान खरीदी शुरू करने के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

विभाग के निर्देशों के बाद गोंदिया और भंडारा जिले में आधारभूत धान खरीदी केंद्र शीघ्र शुरू किए जाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे खरीफ सीजन की धान उपज बेचने को लेकर चिंतित किसानों को बड़ी राहत मिली है। खा. प्रफुल पटेल द्वारा किसानों के हित में किए गए इस पाठपुरावे को लेकर जिले के किसानों में संतोष व्यक्त किया जा रहा है और उनके प्रति आभार व्यक्त किया जा रहा है।

किसान तत्काल पंजीयन कर केंद्र पर ही बेचें धान : सांसद राजेंद्र जैन

सांसद प्रफुल पटेल के पाठपुरावे के चलते आधारभूत धान खरीदी शुरू होने जा रही है। पणन विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार आगामी सोमवार से आधारभूत धान खरीदी केंद्रों पर धान बिक्री के लिए किसानों का पंजीयन शुरू किया जाएगा। ऐसे में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने और शासकीय आधारभूत मूल्य का लाभ प्राप्त करने के लिए जल्द से जल्द अपना पंजीयन कराने का आवाहन राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन ने किया है।

उन्होंने कहा कि किसान अपनी धान उपज की बिक्री के लिए निर्धारित आधारभूत खरीदी केंद्र पर ही पंजीयन कराकर धान बेचें और शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ लें। समय पर पंजीयन कराने से किसानों को धान बिक्री की प्रक्रिया में सुविधा मिलेगी तथा उन्हें अपनी उपज बेचने को लेकर किसी प्रकार की चिंता नहीं रहेगी।

Related posts