नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन का कल प्रथम गोंदिया आगमन, स्वागत, सत्कार, रैली की तैयारी में जुटी राकांपा..

228 Views

 

गोंदिया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता एवं संगठन में लंबे समय से निष्ठापूर्वक कार्यरत राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन का कल शुक्रवार, 12 जून को गोंदिया जिले में प्रथम आगमन हो रहा है। राज्यसभा सदस्य के रूप में उनके निर्विरोध निर्वाचन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पूरे पूर्व विदर्भ क्षेत्र में उत्साह और हर्ष का माहौल है।

पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राजेंद्र जैन को राज्यसभा में प्रतिनिधित्व का अवसर मिलने से पूर्व विदर्भ की राजनीतिक आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं जनप्रतिनिधि वर्गों द्वारा स्वागत किया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।

इसी अवसर पर उनके सम्मान में भव्य सार्वजनिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत कल शुक्रवार, 12 जून को प्रातः 10 बजे देशबंधु वार्ड स्थित निवास स्थान से होगी। इसके पश्चात स्वागत यात्रा दुर्गा चौक, गोरेलाल चौक, गांधी चौक, नेहरू चौक, परमपूज्य डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक एवं जयस्तंभ चौक पहुँचेगी। पश्चात फुलचुर स्थित जलाराम लॉन में भव्य सार्वजनिक सत्कार समारोह संपन्न होगा।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिलेभर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और कार्यकर्ता इसे सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

नागरिकों को उम्मीद है कि राज्यसभा सांसद के रूप में राजेंद्र जैन जिले एवं पूर्व विदर्भ के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएंगे। इस बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की जिला इकाई ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन का स्वागत करने की अपील की है।

Related posts