सेना के सम्मान में कूद पड़ा गोंदिया, तिरंगा यात्रा में दिखी देशभक्ति..

112 Views

गोंदिया। ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना के साहस एवं पराक्रम को वंदन करने सोमवार 19 मई को  निकली तिरंगा यात्रा में भाजपा-सेना के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों की संख्या में नागरिक हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के आवाज बुलंद करते दिखाई दिए।

इस तिरंगा यात्रा की शुरुवात फुलचुर स्थित जलाराम लॉन से की गई जो शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शासकीय विश्राम गृह में समाप्त हुई।

तिरंगा यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों ने कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। हाथों में तिरंगा थामे देशभक्ति के नारों के साथ लोग बाइक यात्रा में शामिल हुए। “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्”, हम जिएंगे और मरेंगें ए वतन तेरे लिए जैसे नारों से पूरा शहर गूंज उठा और माहौल पूरी तरह से देशभक्ति में सराबोर हो गया। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस यात्रा में उत्साहपूर्वक शामिल हुईं।

इस तिंरगा यात्रा में शिवसेना जिलाध्यक्ष मुकेश शिवहरे व अनेक शिवसैनिक विधायक विनोद अग्रवाल के साथ साथ नजर आए। उन्होंने ने भी देश की सेना के जवानों को सैल्यूट कर सेना के सम्मान में नारे लगाए और हर कदम पर देश के लिए मर मिटने की सौगंध खाई।

विधायक विनोद अग्रवाल ने कहा की, “देश की रक्षा में तैनात हर जवान को यह संदेश देना जरूरी है कि देश का हर नागरिक उनके साथ खड़ा है। हमारे देश की सेना पर हमें गर्व है। इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम जवानों के त्याग और बलिदान को नमन करते हैं।

तिरंगा यात्रा ने पूरे गोंदिया शहर को देशभक्ति के रंग में डुबो दिया और नागरिकों ने एकता और अखंडता का संदेश दिया।

विश्राम गृह में यात्रा की समाप्ति राष्ट्रगान से की गई वही सेना के पूर्व सैनिकों का शॉल ओढ़ाकर व श्रीफल देकर स्वागत किया गया।

Related posts