राणे की हेट स्पीच पर मुस्लिम समुदाय आक्रोशित, देश के धर्मनिरपेक्ष चरित्र को दाग़दार करने वाले की हो तत्काल गिरफ्तारी..

282 Views

 

प्रतिनिधि। 06 सितंबर
गोंदिया। भाजपा विधायक नितेश राणे ने 1 सितंबर 2024 को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के श्रीरामपुर और तोपखाना इलाको में कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक रूप से संत रामगिरि महाराज द्वारा इस्लाम के आखरी पैगम्बर मोहम्मद साहब पर दिए अभद्र व विवादित बयान पर समर्थन करते हुए मुस्लिम समाज को खुली धमकी दी थी। नितेश राणे ने बयान में मुस्लिम समाज को अपशब्द कहते हुए मस्जिदों में घुसकर, चुनचुनकर मारने की धमकी दी।

हेट स्पीच के इस मामले पर नितेश राणे के खिलाफ दो जगहों पर एफआईआर दर्ज की गई है, पर उसकी गिरफ्तारी अबतक न होने पर मुस्लिम समाज भड़क उठा है।

नितेश राणे के विवादित और भड़काऊ बयान को लेकर आज मुस्लिम जमात गोंदिया एवं अन्य मुस्लिम संगठनों ने एकत्रित होकर तथा पत्र परिषद लेकर नितेश राणे की तत्काल गिरफ्तारी की मांग राज्य सरकार से की है।

मुस्लिम जमात के अध्यक्ष खालिद पठान व अन्य मुस्लिम संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि रामगिरि महाराज ने 14 अगस्त को नाशिक जिले के सिन्नर में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मोहम्मद साहब पर अभद्र भाषा का प्रयोग व विवादित टिप्पणी कर हिंदू-मुस्लिम समाज में जातीय भेदभाव फैलाने का कार्य किया था। रामगिरि महाराज पर मुस्लिम समाज ने सडकों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और संविधान और कानून के तहत कार्रवाई की मांग की।
परंतु अनेक एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अभी तक उनकी गिरफ्तारी नही हुई है।

उन्होंने कहा, देश के सर्वोच्च न्यायालय का हेट स्पीच पर आदेश है कि राज्य और केंद्र शाषित प्रदेश नफ़रत फैलाने वालों को बिना शिकायत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करें। पर गोंदिया में हजारों मुस्लिम सड़क पर उतरने पर भी जीरो एफआईआर दर्ज नही हुई।

अब भाजपा विधायक नितेश राणे खुद उस कथित महाराज का सर्मथन कर समाज को आक्रोशित करने का कार्य कर रहा है। हमें मस्जिदों से निकालकर चुन-चुनकर मारने की धमकी दे रहा है, पर इसकी भी गिरफ्तारी नही हो रही है।

हमें लगता है भाजपा खुद भारत के धर्मनिरपेक्ष चरित्र को दाग़दार करने में लगी हुई है। हम खामोश इसलिए है कि हम संविधान पर चलने वाले और मोहम्मद साहब के अमन शांति के पैगाम को मानने वाले अनुयायी है। हम नही चाहते कि एक-दूसरे कें प्रति नफरत और उन्माद हो। पर सरकार से, प्रशासन से यही उम्मीद है कि वे कानून के ऊपर खुद को समझने वाले लोगो पर तत्काल कार्रवाई कर राज्य में अमन-शांति कायम रखें। अगर सरकार ऐसा नही करती है तो आगामी दिनों में हम सड़को पर उतरकर, धरना, मोर्चा निकालकर शासन-प्रशासन के खिलाफ आंदोलनात्मक रुख अपनाएंगे।

पत्र परिषद में मुस्लिम जमात गोंदिया के सदर खालिद पठान, सैय्यद कमरअली, भद्दु भाई पठान, शकील मंसूरी, अहमद मनिहार, ईशान शेख, जुबेर खान, फिरोज शेख, सैय्यद जाकिर अली, इमरान शेख, अफ़रोज़ खान, निजाम भाई, रिजवान शेख सहित अनेक मुस्लिम बन्धुओं की उपस्थिति रही।

Related posts