गोंदिया: राम के नाम पर धोखाधड़ी, गहने लेकर फरार दो अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

368 Views

क्राइम रिपोर्टर

गोंदिया। जिले में आधुनिक तकनीक के तहत बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के साथ ही अभी भी तंत्र, मंत्र, और संत, बाबाओं के आशिर्वाद के नाम पर लूट, धोखाधड़ी के मामले भी सामने आ रहे है। अभी ताजा घटना तिरोडा थाना क्षेत्र में घटित हुई है, जहाँ एक महिला को आस्था के नाम पर अपने चंगुल में लेकर उसके गहने लेकर फरार होने की घटना सामने आई है।
ये वारदात 9 जुलाई के शाम 5.30 से 6.30 बजे के दौरान घटित हुई। फिर्यादि महिला श्यामकला हरिदास ढबाले उम्र 51 साल निवासी चुरडी, तहसील तिरोडा ये महाराष्ट्र सरकार की मेरी लाडली योजना का फॉर्म भरने घर से निकली थी।
महिला फॉर्म भरकर जब वापस घर आ रही थी, तब अवंतिबाई चौक पर जय महेश किराना दुकान के पास एक अंजान महिला मिली। उस अज्ञात महिला ने फिर्यादि से कहा कि अयोध्या से एक व्यक्ति आया हुआ है उससे तुम्हे मिलना चाहिये।
महिला ने उसपर भक्तिभाव से विश्वास किया। अज्ञात महिला ने पहले फिर्यादि से 10 रुपये मांगे और किराना दुकान से अगरबत्ती खरीदी। फिर वो महिला उसे उस अयोध्या से आये व्यक्ति के पास लेकर गई।
अयोध्या वाले व्यक्ति ने अज्ञात महिला को अपने कान के, हाथ की अंगूठी, गले की चैन निकालने कहा, उस अज्ञात महिला ने निकालकर बैग में रख लिया। फिर उस व्यक्ति ने फिर्यादि महिला से सब निकालने कहा, फिर्यादि महिला ने कान की बीरी, गले का मंगलसूत्र निकालकर पॉलीथिन में रख दिया और उस व्यक्ति के कहने पर उस अज्ञात महिला के पास दे दिया।
उस अयोध्या वाले व्यक्ति ने फिर्यादि महिला को 25 बार राम का नाम लेकर सीधे चलने कहा। इसके साथ ही पीछे मुड़कर न देखने की हिदायत दी। महिला जब उसके कहे अनुसार राम कहते हुए आगे बढ़ने लगी, तब अज्ञात व्यक्ति और अज्ञात महिला स्कूटर में बैठकर फरार हो गए।
महिला के साथ धोखाधड़ी होने पर महिला ने तिरोडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञातों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4),3(5) बीएनएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Related posts