मुंबई: धान उत्पादक किसानों को बोनस दें सरकार : सांसद प्रफुल पटेल

173 Views

गोंदिया-भंडारा के किसानों की समस्याओं को लेकर मुंबई में मंत्री छगन भुजबल के साथ अहम बैठक; खरीदी केंद्र तत्काल शुरू करने और लंबित भुगतान की मांग

प्रतिनिधि। 07 अक्तूबर
गोंदिया। धान उत्पादक किसानों की आर्थिक स्थिति और खरीफ सीजन में सामने आ रही समस्याओं को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के सांसद प्रफुल पटेल ने सरकार के समक्ष किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। मुंबई स्थित अन्न, नागरिक आपूर्ति एवं ग्राहक संरक्षण मंत्रालय में मंत्री छगन भुजबल के कक्ष में नागपुर विभाग के न्यूनतम समर्थन मूल्य अंतर्गत संचालित शासकीय एवं सहकारी धान खरीदी केंद्रों की समस्याओं, सीएमआर भराई, भंडारण तथा किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में सांसद प्रफुल पटेल ने स्पष्ट रूप से कहा कि गोंदिया और भंडारा जिले के संकटग्रस्त धान उत्पादक किसानों को बोनस मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि धान को बोनस देने के मुद्दे पर वे लगातार शासन के समक्ष मांग उठाते रहे हैं और विधानसभा में भी सरकार की ओर से बोनस देने का आश्वासन दिया गया था। अब किसानों को बोनस दिलाने के लिए क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री से मुलाकात कर एकजुट होकर आग्रह करेंगे।
सांसद पटेल ने दिवाली से पहले शासकीय धान खरीदी केंद्र तत्काल शुरू करने, मिलिंग किए गए धान की समय पर उठाव व्यवस्था करने तथा किसानों की ई-पीक पंजीयन प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजीयन के अभाव में किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और संबंधित प्रशासनिक तंत्र को इस दिशा में सतर्कता से काम करना होगा।
बैठक में गोंदिया और भंडारा जिलों में महाराष्ट्र राज्य आदिवासी विकास मंडल (TDC) द्वारा खरीदे गए धान से संबंधित वर्ष 2001 से 2014 तक के लंबित कमीशन का तत्काल भुगतान करने की मांग भी सांसद पटेल ने रखी। इसके अलावा शासकीय धान खरीदी केंद्रों और धान खरीदी करने वाली संस्थाओं के सामने आ रही तकनीकी एवं भौतिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सांसद राजेंद्र जैन ने ऑनलाइन सहभागिता करते हुए नियमित रूप से कर्ज चुकाने वाले किसानों को पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर कर्जमुक्ति योजना का लाभ तत्काल देने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों के पंजीयन के लिए उपयोग होने वाला BEAM पोर्टल बंद होने से किसानों को भारी परेशानी हो रही है, इसलिए पोर्टल तत्काल शुरू किया जाना चाहिए।
सांसद जैन ने धान के भंडारण की गंभीर समस्या भी सामने रखी। उन्होंने कहा कि गोदामों की क्षमता अपर्याप्त होने के कारण बड़ी मात्रा में धान खुले में रखने की नौबत आती है। ऐसे में गोदामों की संख्या और भंडारण क्षमता बढ़ाने के साथ ही गोंदिया-भंडारा जिले के सभी धान खरीदी केंद्र तत्काल शुरू किए जाने की आवश्यकता है।
बैठक में विधायक राजकुमार बडोले, विधायक राजूभाऊ कारेमोरे सहित विदर्भ के अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक के जरिए धान उत्पादक किसानों के बोनस, खरीदी केंद्र, भंडारण, भुगतान और कर्जमुक्ति जैसे मुद्दों को सरकार के सामने एक साथ रखे जाने से आने वाले धान खरीदी सीजन में प्रशासनिक स्तर पर इन मांगों पर निर्णय की दिशा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related posts