12 सितंबर को गोंदिया में राष्ट्रीय लोक अदालत : अनेक मामलों के त्वरित निपटारे की तैयारी

53 Views

 

संवाददाता। 10 सितंबर
गोंदिया। राष्ट्रीय विधि सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं महाराष्ट्र राज्य विधि सेवा प्राधिकरण, मुंबई के निर्देशानुसार तथा जिला विधि सेवा प्राधिकरण गोंदिया के अध्यक्ष एवं प्रमुख जिला व सत्र न्यायाधीश आर. जी. वाघमारे के मार्गदर्शन में 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला न्यायालय गोंदिया सहित जिले के सभी तालुका न्यायालयों, कामगार एवं औद्योगिक न्यायालय, पारिवारिक न्यायालय, ग्राहक शिकायत निवारण मंच सहित अन्य न्यायालयों एवं न्यायाधिकरणों में लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों का निपटारा किया जाएगा।
लोक अदालत में समझौते योग्य दीवानी एवं फौजदारी प्रकरणों के साथ मोटर दुर्घटना मुआवजा, भूमि अधिग्रहण, राजस्व संबंधी मामले, वैवाहिक विवाद, बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं से संबंधित वसूली के प्रकरण तथा लंबित एवं पूर्व-विवाद (प्री-लिटिगेशन) मामलों को आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निपटाने का प्रयास किया जाएगा। विवादों के शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए न्यायाधीश, पैनल अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से पक्षकारों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा।
लंबित अथवा पूर्व-विवाद प्रकरणों को लोक अदालत के माध्यम से आपसी समझौते से निपटाने के इच्छुक पक्षकार संबंधित न्यायालय, जिला विधि सेवा प्राधिकरण अथवा तालुका विधि सेवा समिति से संपर्क कर सकते हैं। इस संबंध में जिला विधि सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रमुख जिला व सत्र न्यायाधीश आर. जी. वाघमारे, जिला विधि सेवा प्राधिकरण के सचिव एन. के. वालके तथा जिला वकील संघ, गोंदिया के अध्यक्ष एस. आर. बोरकर ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील की है।

Related posts