गोंदिया: स्व. अजितदादा पवार जयंती पर 22 से 28 जुलाई तक मनाया जाएगा ‘जनसेवा सप्ताह’

183 Views

 

स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, वृक्षारोपण, चित्रकला-निबंध प्रतियोगिता एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान सहित अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम होंगे आयोजित

गोंदिया | प्रतिनिधि
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी द्वारा महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. अजितदादा पवार की जयंती के उपलक्ष्य में 22 से 28 जुलाई 2026 तक जिलेभर में ‘जनसेवा सप्ताह’ का आयोजन किया जाएगा। यह सप्ताह सांसद प्रफुल पटेल एवं सांसद राजेंद्र जैन के मार्गदर्शन में विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा।
कार्यक्रमों की शुरुआत 22 जुलाई को सुबह 10 बजे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी कार्यालय में स्व. अजितदादा पवार को श्रद्धांजलि अर्पित करने, जयंती समारोह एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान कार्यक्रम से होगी। इसी दिन जिले के विभिन्न स्थानों पर चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं, स्वास्थ्य जांच शिविर, वृक्षारोपण अभियान तथा पर्यावरण संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
23 जुलाई को वैभव लॉन (कुडवा रोड) में स्वास्थ्य जांच शिविर तथा कुंभारे नगर स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर प्राथमिक विद्यालय में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा।
24 जुलाई को मरारटोली स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर हॉल में स्वास्थ्य जांच शिविर, धामनेवाड़ा में उपकेंद्र भवन का उद्घाटन, नेत्र एवं स्वास्थ्य शिविर, कटंगीकला में स्वास्थ्य जांच शिविर तथा नागपुर-मुर्री के दुर्गा चौक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
25 जुलाई को रावणवाड़ी, एकोडी, दासगांव एवं कामठा क्षेत्र के विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच, वृक्षारोपण, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
26 जुलाई को ग्राम खमारी की जिला परिषद स्कूल एवं एम.आई.ई.टी. कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न होगा।
27 जुलाई को हनुमानटोली, जुनेवानी, पैकाटोला एवं शंकरटोली क्षेत्रों में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों एवं शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया जाएगा।
वहीं 28 जुलाई को जनसेवा सप्ताह का समापन स्वास्थ्य जांच शिविर एवं वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह के साथ किया जाएगा।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे जनसेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सभी सामाजिक, स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अभियान को सफल बनाएं।

Related posts