443 Views
क्राइम रिपोर्टर।18 जुलाई
गोंदिया। जिले के रावणवाड़ी थाना क्षेत्र में कल रात (17 जुलाई को) एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात बदमाशों ने ट्रक चालक पर जानलेवा हमला कर उसे बंधक बनाया और 30 टन 765 किलो चावल से भरा टाटा कंपनी का ट्रक लूटकर फरार हो गए। मामले में रावणवाड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 309(4), 118(1), 352, 351(2) एवं 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 371/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता नवीन श्रीरामचंद्र मौर्य (35 वर्ष), निवासी हनुमानगंज, कतवारपुर, तहसील फूलपुर, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना 17 जुलाई 2026 के तड़के करीब 4 बजे सावरी बस स्टॉप पर घटी।
शिकायत के अनुसार ट्रक चालक मध्यप्रदेश के चाकघाट से चावल से भरा टाटा कंपनी का ट्रक लेकर सड़क अर्जुनी की ओर जा रहा था। रास्ते में सावरी बस स्टॉप के पास सड़क किनारे ट्रक रोककर विश्राम कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ट्रक के पास आया और दरवाजा खटखटाकर पानी मांगा। चालक ने उसे पानी की बोतल दी और मोबाइल देखने में व्यस्त हो गया। तभी आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर ट्रक के साइड वाले दरवाजे पर वार किया। उस समय चालक का हाथ दरवाजे पर होने से उसकी दो अंगुलियों और अंगूठे में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद दूसरे आरोपी ने ट्रक का दूसरा दरवाजा जबरन खोलकर केबिन में प्रवेश किया और चालक के साथ मारपीट की।
दोनों आरोपियों ने चालक को धक्का देकर ट्रक से नीचे गिरा दिया, जिससे उसके सिर में भी चोट आई। इसी बीच दो अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए और चारों ने मिलकर चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने चालक के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया और उसके कब्जे से टाटा कंपनी का ट्रक तथा उसमें लदा लगभग 30 टन 575 किलो चावल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल चालक ने रावनवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर अज्ञात चार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रावणवाड़ी पुलिस थाना प्रभारी पीआई शेवते के मार्गदर्शन में मामले की जांच जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
