गोंदिया: बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते का इस्तेमाल कर देशभर में ऑनलाइन साइबर ठगी,  तिरोड़ा पुलिस एक्शन मोड पर..

306 Views

तमिलनाडु, गुजरात, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश में साइबर ठगी के 4 मामले दर्ज..

गोंदिया: जिले के तिरोड़ा पुलिस थाने में ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी और आर्थिक ठगी से जुड़े एक गंभीर मामले में अपराध दर्ज किया गया है। यह मामला नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर प्राप्त शिकायतों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर सामने आया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 61(2), 318(4), तथा पुरानी भादवि की धारा 120(बी), 420 सहित संबंधित प्रावधानों के तहत अपराध क्रमांक 681/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तिरोड़ा थाने में साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों में एक बैंक ऑफ महाराष्ट्र के खाते क्रमांक 60554133001 का उपयोग संदिग्ध लेन-देन के लिए होने की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि यह बैंक खाता विभिन्न राज्यों में हुई ऑनलाइन ठगी की रकम प्राप्त करने और बाद में अलग-अलग खातों में स्थानांतरित करने के लिए इस्तेमाल किया गया।
प्राथमिक जांच में पता चला कि 23 से 24 नवंबर 2025 के बीच इस खाते में 94 हजार रुपये की संदिग्ध राशि जमा की गई। एनसीआरपी पोर्टल पर इस खाते के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों से कुल चार शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें कुल 94 हजार रुपये की साइबर ठगी का उल्लेख किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पहली शिकायत तमिलनाडु में दर्ज हुई, जहां पीड़ित से 30 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। दूसरी शिकायत दिल्ली के स्पेशल सेल साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज है, जिसमें 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया। तीसरी शिकायत गुजरात के वडोदरा सिटी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में 26 हजार रुपये की साइबर ठगी से संबंधित है। वहीं चौथी शिकायत हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित झंडूता पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई, जिसमें 13 हजार रुपये की धोखाधड़ी की जानकारी दी गई है।
पुलिस का कहना है कि चारों राज्यों में हुई ठगी की राशि का एक हिस्सा उक्त बैंक खाते में जमा होने के बाद आगे अन्य खातों में ट्रांसफर किया गया। इसी आधार पर बैंक खाते के धारक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस प्रकरण की शिकायत पुलिस सिपाही धनंजय प्रभु बरई ने दर्ज कराई है। मामले की जांच महिला पुलिस निरीक्षक प्रियंका बैस कर रही हैं। वहीं तिरोड़ा पुलिस निरीक्षक अमित वानखेडे के मार्गदर्शन में पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और संबंधित बैंक खातों तथा लेन-देन की विस्तृत पड़ताल जारी है।

Related posts