रावणवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध सुगंधित तंबाकू निर्माण व भंडारण का मिला जखीरा, 15.48 लाख रुपये का माल जब्त

396 Views

 

गोंदिया | प्रतिनिधि

रावणवाड़ी पुलिस स्टेशन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से सुगंधित तंबाकू का भंडारण एवं परिवहन किए जाने के मामले का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में लगभग 15 लाख 48 हजार 100 रुपये मूल्य का माल एवं वाहन जब्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 जून 2026 को पुलिस स्टेशन रावणवाड़ी के सहायक पुलिस निरीक्षक शशिकिरण नावकार, पुलिस हवलदार गिरीष पांडे, पुलिस नायक सुशील मलेवार एवं पुलिस शिपाई हितेश लांजेवार क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान रात लगभग 11:45 बजे पुलिस हवलदार गिरीष पांडे को गोपनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि ढीमरटोला गांव के समीप एक खेत में स्थित मकान में सुगंधित तंबाकू का अवैध भंडारण किया जा रहा है तथा उसे चारपहिया वाहन से बाहर भेजा जाना है।

सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के मार्गदर्शन में कार्रवाई की योजना बनाई गई। सहायक पुलिस निरीक्षक शशिकिरण नावकार एवं उनकी टीम ने दो पंचों को बुलाकर संबंधित स्थान के आसपास पूरी रात निगरानी रखी।

इसके बाद 13 जून 2026 को सुबह 4:30 बजे से 6:45 बजे तक मौके पर पंचनामा एवं जब्ती की कार्रवाई की गई। इस दौरान आरोपी मयूर मनोहर वाकड़े, निवासी वघाडा, तहसील आरमोरी, जिला गडचिरोली के कब्जे से निम्न सामग्री बरामद की गई—

  • 28 बोरी ईगल सुगंधित तंबाकू – कुल मूल्य 2,69,800 रुपये
  • 14 बोरी होला सुगंधित तंबाकू – कुल मूल्य 1,85,500 रुपये
  • 23 बोरी खुला तंबाकू (कुल 276 किलो) – कुल मूल्य 2,20,800 रुपये
  • सुगंधित तंबाकू पैकिंग हेतु 2 कंटीन्यूअस बैंड सीलर मशीनें – अनुमानित मूल्य 30,000 रुपये
  • तंबाकू मिश्रण करने की 1 मशीन – अनुमानित मूल्य 35,000 रुपये
  • 2 इलेक्ट्रॉनिक वजन कांटे – कुल मूल्य 5,000 रुपये
  • ईगल एवं होला तंबाकू के खाली रैपर – अनुमानित मूल्य 10,000 रुपये
  • KIA कंपनी की सफेद रंग की चारपहिया वाहन अनुमानित मूल्य 8,00,000 रुपये

इस प्रकार पुलिस ने कुल 15,48,100 रुपये मूल्य का माल जब्त किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस उपनिरीक्षक ओंकार धेन्डे, पुलिस शिपाई माने तथा चालक पुलिस शिपाई पवार ने भी मौके पर पहुंचकर सहयोग किया।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोरख भामरेअपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरेउपविभागीय पुलिस अधिकारी रोहिणी बनकर एवं पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक शशिकिरण नावकार एवं उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।

Related posts