गोंदिया: भारत बटालियन-२ में तैनात पुलिस जवान ने खुद पर चलाई गोली, हालात नाजुक

432 Views

 

प्रतिनिधि। 30 जून

गोंदिया: भारत बटालियन-२ पुलिस दल क्रमांक १५ के पुलिस जवान ने खुद पर ही गोली चलाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। घटना गोंदिया तहसील के बिरसी बटालियन कैम्प में ३० जून को तड़के ५ बजे के दौरान की बताई जा रही है। इस घटना में जवान नांदेड़ जिले के कंधार तहसील अंतर्गत खडगांव निवासी देविदास मोरे (३०) बताया गया है। घायल देविदास मोरे पर नागपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार शुरू किया गया है। घायल जवान मौत से संघर्ष कर रहा है। इस मामले की जांच रावणवाड़ी पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।

इस संदर्भ में जानकारी दी गई कि भारत बटालियन-२ के पुलिस दल क्रमांक १५ में देविदास मोरे वर्ष २०१६ से तैनात है। यह बटालियन गोंदिया जिले के बिरसी में स्थित है। ३० जून को जवान देविदास को मोर्चा क्र. २ पर तैनात कर दिया गया था। जानकारी के तहत उसने सुबह ४ से ६ बजे के दौरान खुद के सर्विस राईफल से खुद पर गोली चला दी। घटना निर्देश में आते ही बटालियन कैम्प में हड़कंप मच गया।

बताया गया है कि गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। तत्काल उसे उपचार हेतु भारत बटालियन कैम्प द्वारा नागपुर मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि हालत बहुत ही नाजुक होने से जवान जिंदगी और मौत से संघर्ष कर रहा है। जवान देविदास ने आत्महत्या का प्रयास क्यो किया इसका पता नहीं चल सका। क्योंकि वह बयान देने की स्थिती में नहीं है।

बहरहाल उसके पास से किसी भी प्रकार की चिठ्ठी नहीं मिली है। इस घटना की जानकारी रावणवाड़ी पुलिस को मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

Related posts