GONDIA: गुदमा–प्रतापबाग नए रेल मार्ग के भू-अधिग्रहण को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक

68 Views

 

किसानों के हित और भावनाओं का ध्यान रखते हुए जमीन का पुनर्मूल्यांकन व सीधे खरीदी प्रक्रिया पर सांसद राजेंद्र जैन ने दिए निर्देश

गोंदिया। गुदमा–प्रतापबाग प्रस्तावित नए रेल मार्ग के लिए किए जाने वाले भू-अधिग्रहण को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पालकमंत्री इंद्रनील नाईक, सांसद राजेंद्र जैन तथा जिलाधिकारी मंदार पत्की की उपस्थिति में भू-अधिग्रहण से प्रभावित किसानों और भू-धारकों की समस्याओं एवं मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान सांसद राजेंद्र जैन ने कहा कि रेल परियोजना के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण करते समय उनके हितों, भावनाओं और होने वाले आर्थिक नुकसान का उचित ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित किसानों की जमीन का उचित मूल्यांकन करने के साथ ही आवश्यकतानुसार पुनर्मूल्यांकन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सांसद जैन ने किसानों की सहमति से जमीन की सीधे खरीदी की प्रक्रिया के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास परियोजना के साथ-साथ प्रभावित किसानों को न्यायपूर्ण और उचित मुआवजा मिलना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

गुदमा–प्रतापबाग नए रेल मार्ग के विकास से क्षेत्र में आवागमन और रेल सुविधाओं को गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि, परियोजना से प्रभावित होने वाले किसानों के हितों की अनदेखी न हो और उन्हें उनकी जमीन का उचित मोबदला मिले, इस दिशा में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करना होगा।

बैठक में पालकमंत्री इंद्रनील नाईक ने भी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित किसानों की समस्याओं का समाधान करते हुए भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से पूरी की जा सके।

बैठक में अखिलेश सेठ, कार्तिक चौहान, राजू बिसेन, सुप्रीत बैंस, राजू चन्नेकर, जितेंद्र लिल्हारे, किशोर चौरसिया, अय्यूब शेख तथा किशोर उपाध्याय सहित अन्य उपस्थित थे।

Related posts