गोंदिया-बालाघाट हाइवे पर मौत का तांडव: मजदूरों से भरी पिकअप को ट्रक ने मारी भीषण टक्कर, 3 साल के मासूम समेत 6 की मौत; 7 गंभीर

327 Views

गोंदिया। गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा गांव के समीप सोमवार देर रात करीब 12 बजे हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। रोजगार की तलाश में तेलंगाना जा रहे मजदूरों से भरे पिकअप वाहन को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में 3 साल के मासूम समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सभी घायलों को तत्काल गोंदिया के जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर क्षेत्र के मजदूर पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-15 टी-3495 से रोजगार के लिए तेलंगाना के जगतियाल, करीमनगर जा रहे थे। सोमवार की रात करीब 12 बजे नागरा गांव के पास पहुंचते ही गोंदिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक क्रमांक एमएच-35 एजे-2547 ने मजदूरों से भरे पिकअप को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार मजदूर वाहन में ही फंस गए।

इस भीषण दुर्घटना में आरुष मात्रे (3), निवासी सावरी, किरण संतोष वैद्ये (26), निवासी लोडाना, संतोष मात्रे (38), सुशीला मात्रे (35), दोनों निवासी किन्ही, रूपसेन सत्यकर (35) तथा ज्योति सत्यकर (32) की मौत हो गई। वहीं भूमेश्वर मात्रे (47), संगीता मात्रे (35), राजेंद्र पंचाले (30), लक्ष्मी पंचाल (27), संतोष वैद्ये (35), राकेश बाहे (24) तथा पिकअप चालक संदीप बाहे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना का मंजर देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त था और कई मजदूर उसमें फंसे हुए थे। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से गोंदिया जिला सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया जा रहा है। गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। एक ही क्षेत्र के छह लोगों की एक साथ मौत होने से बालाघाट जिले के किरनापुर क्षेत्र सहित गोंदिया और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। रोजी-रोटी की तलाश में घर से निकले इन मजदूर परिवारों पर आधी रात को आई इस त्रासदी ने कई परिवारों को जिंदगी भर का गम दे दिया।

Related posts