शिक्षक दिवस पर सांसद राजेंद्र जैन व विधायक विनोद अग्रवाल के हस्ते प्राचार्य एवं मुख्याध्यापकों का सम्मान
गोंदिया। नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में जिले में चलाए गए व्यापक जनजागरण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों का शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान किया गया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के नार्कोटिक्स विभाग तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘10 करोड़ नशामुक्त भारत प्रतिज्ञा महा अभियान’ के अंतर्गत गोंदिया ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र एवं छह उपसेवा केंद्रों ने जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं सामाजिक संस्थाओं में पहुंचकर करीब 65 हजार नागरिकों एवं विद्यार्थियों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई।
![]()
इसी अभियान को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गोंदिया शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के 70 स्कूल-कॉलेजों के प्राचार्य एवं मुख्याध्यापकों को शिक्षक दिवस के अवसर पर न्यू लक्ष्मीनगर स्थित ब्रह्माकुमारी स्वदर्शन भवन में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। सांसद राजेंद्र जैन एवं विधायक विनोद अग्रवाल के शुभहस्ते सभी प्राचार्य एवं मुख्याध्यापकों को सहभागिता प्रमाणपत्र प्रदान कर उनके योगदान का गौरव बढ़ाया गया।
![]()
समारोह की अध्यक्षता गोंदिया क्षेत्र की क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी रत्नमाला दीदी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गजेंद्र फुंडे, विजय बहेकार, विनोद हरीणखेडे एवं केतन तुरकर सहित ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
![]()
इस अवसर पर सांसद राजेंद्र जैन ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में शिक्षण संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने नशामुक्ति अभियान को और अधिक व्यापक बनाकर जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
