गोंदिया: वर्षो पुरानी मांग हुई साकार; 1.70 करोड़ की निधि से जयस्तंभ चौक पर बनेगा सर्वसुविधायुक्त बस स्टॉप..

216 Views

 

सांसद राजेंद्र जैन व विधायक विनोद अग्रवाल के शुभहस्ते संपन्न हुआ आधुनिक बस स्टॉप का भूमिपूजन

प्रतिनिधि। 05 सितम्बर
गोंदिया। शहर के हृदयस्थल जयस्तंभ चौक पर वर्षों से जर्जर अवस्था में पड़े पुराने बस स्टॉप के कायाकल्प की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। सांसद राजेंद्र जैन एवं विधायक विनोद अग्रवाल के शुभहस्ते जयस्तंभ चौक स्थित आधुनिक बस स्टॉप के नवनिर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न हुआ। करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की निधि से बनने वाला यह आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त बस स्टॉप आने वाले समय में शहरवासियों और यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण जनसुविधा केंद्र साबित होगा।

जयस्तंभ चौक शहर का प्रमुख यातायात एवं व्यावसायिक केंद्र है। यहां स्थित पुराना बस स्टॉप वर्षों से जर्जर अवस्था में होने के कारण यात्रियों को भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। इसके पुनर्निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी, लेकिन पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं होने के कारण यह कार्य लगातार अटका हुआ था। आम नागरिकों की इस वर्षों पुरानी समस्या को विधायक विनोद अग्रवाल ने गंभीरता से लेते हुए प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया।

विधायक अग्रवाल ने जिलाधिकारी एवं गोंदिया के एसडीओ से चर्चा कर बस स्टॉप के लिए जगह की समस्या का समाधान निकालने की पहल की। प्रशासन की ओर से आवश्यक जगह उपलब्ध कराने पर सहमति बनने के बाद इस महत्वाकांक्षी जनसुविधा परियोजना के लिए रास्ता खुला। विधायक विनोद अग्रवाल की पहल को पालकमंत्री एवं राज्यसभा सांसद राजेंद्र जैन ने भी सकारात्मक समर्थन दिया और इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा निर्माण कार्य के लिए निधि जारी की गई।

इसी क्रम में आज सांसद राजेंद्र जैन और विधायक विनोद अग्रवाल के शुभहस्ते भूमिपूजन के साथ इस बहुप्रतीक्षित विकास कार्य की विधिवत शुरुआत हुई। भूमिपूजन समारोह के साथ ही वर्षों से चली आ रही नागरिकों की मांग अब हकीकत में बदलने की दिशा में आगे बढ़ गई है।

इस अवसर पर सांसद राजेंद्र जैन ने कहा कि गोंदिया शहर के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के माध्यम से विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति देने के प्रयास सांसद प्रफुल पटेल के माध्यम से निरंतर जारी हैं। सर्वसामान्य नागरिकों की सुविधा के लिए समृद्धि महामार्ग, हवाई सेवा तथा रेलवे से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुंबई-नागपुर-गोंदिया समृद्धि महामार्ग का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही राष्ट्रीय महामार्ग के माध्यम से गोंदिया के साथ बालाघाट, आमगांव, देवरी एवं कोहमारा क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने से नागरिकों के आवागमन को और अधिक सुविधा मिलेगी।

विधायक विनोद अग्रवाल ने कहा कि जयस्तंभ चौक स्थित पुराने बस स्टॉप का आधुनिक स्वरूप में नवनिर्माण एवं सौंदर्यीकरण होने से यात्रियों और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह परियोजना शहर की बदलती तस्वीर और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

करीब 1.70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह बस स्टॉप आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। इसके निर्माण से यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक प्रतीक्षास्थल मिलने के साथ ही जयस्तंभ चौक के सौंदर्यीकरण को भी नई दिशा मिलेगी। शहर के मध्य स्थित इस महत्वपूर्ण स्थान पर आधुनिक बस स्टॉप का निर्माण गोंदिया के विकास की तस्वीर में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने वाला है।

भूमिपूजन समारोह में नगर पालिका के मुख्याधिकारी संदीप बोरकर, उपाध्यक्ष संतोष पटले, दिनेश दादरीवाल, रोहित अग्रवाल, प्रदीप माने, कल्लू यादव, सतीश देशमुख, अभय अग्रवाल, निर्मला मिश्रा, विवेक मिश्रा, श्रीमती कुलकर्णी, नेहा यादव, सीखा सुनपुरे, कैलाश यादव, अजय यादव, अनुज जायसवाल, राज शुक्ला, केतन तुरकर सहित सभापति, नगरसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related posts