पटाखे जैसी तेज आवाज से परेशान नागरिकों की शिकायतों के बाद जिला यातायात शाखा की कार्रवाई; आगे भी जारी रहेगा अभियान
गोंदिया। मोटरसाइकिलों में मॉडिफाइड सायलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज आवाज करते हुए वाहन चलाने वालों के खिलाफ गोंदिया पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। ऐसे मॉडिफाइड सायलेंसरों से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज के कारण आम नागरिकों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गोंदिया के आदेश पर जिला यातायात शाखा की ओर से 4 सितंबर 2026 को विशेष कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड सायलेंसर लगाकर चलाए जा रहे कुल 5 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें जिला यातायात शाखा में डिटेन किया गया है। पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिलों में इस प्रकार के मॉडिफाइड सायलेंसर लगाकर चलाने से सड़क पर अनावश्यक रूप से तेज आवाज उत्पन्न होती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गोंदिया गोरख भामरे के मार्गदर्शन में जिला यातायात शाखा के प्रभारी अधिकारी पुलिस निरीक्षक नागेश भास्कर के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में श्रेणी पुलिस निरीक्षक श्रावण गोडाम, छत्रपालसिंग चंदेल, पुलिस हवलदार जफरअली सैय्यद, गणेश काकडे, अमित मुजारिया, आनंद बावनखड़े, गणेश लिल्हारे, प्रेमलाल ताराम, पोशी मनीष मारवाड़े, पोशी जयराम मंजरटे, अरविंद तावाड़े, विवेक कटरे, प्रवीण वाडिवे, उमेश गजभिये, चापोशी विनोद हरिणखेडे तथा चापोशी विक्की दगड़े सहित पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में भी किसी मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड सायलेंसर लगा हुआ पाया गया तो संबंधित वाहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए उसे डिटेन किया जाएगा
