सफाई कामगार रायमती अर्जुन सागर का नगराध्यक्ष सचिन शेंडे ने सम्मान पत्र देकर किया अभिनंदन
गोंदिया, 2 सितंबर। नगर परिषद गोंदिया के स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत झोन क्रमांक 01 में सफाई कामगार के रूप में दीर्घकालीन सेवाएँ देने वाली श्रीमती रायमती अर्जुन सागर के सेवानिवृत्त होने पर नगर परिषद की ओर से भावपूर्ण सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। अपने सेवाकाल के दौरान श्रीमती सागर ने नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, लगन और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए नगर परिषद की सेवा में उल्लेखनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर नगराध्यक्ष श्री सचिन गोविंद भाऊ शेंडे ने श्रीमती रायमती अर्जुन सागर को सम्मान पत्र प्रदान कर उनके निष्ठापूर्ण एवं दीर्घकालीन सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सफाई कामगारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
![]()
श्रीमती सागर ने वर्षों तक पूरी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जो अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है। नगराध्यक्ष ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का एक पड़ाव मात्र है, लेकिन किसी कर्मचारी द्वारा संस्था और शहर के लिए वर्षों तक किए गए कार्य एवं योगदान सदैव स्मरणीय रहते हैं।
उन्होंने श्रीमती सागर के सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी, शांतिपूर्ण एवं आनंदमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी एवं उपस्थित पदाधिकारियों ने भी श्रीमती रायमती अर्जुन सागर का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की मंगलकामना की।
