सांसद राजेंद्र जैन बोले—“ये मेरा परिवार है, जब जरूरत पड़ेगी सदैव साथ खड़ा मिलूंगा”
प्रतिनिधि।
गोंदिया। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपने कर्तव्य, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों से जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना केवल किसी व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि उसके कर्म और समाज के प्रति योगदान को सलाम करना है। इसी गौरवशाली भावना को आत्मसात करते हुए प्रेस ट्रस्ट ऑफ गोंदिया (पीटीजी) ने अपने 11वें स्थापना दिवस एवं सत्कार समारोह को एक अनूठे और यादगार अंदाज में मनाया। होटल जिंजर (द गेटवे) में आयोजित इस भव्य समारोह में शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, योग, वृक्षारोपण, साहित्य एवं कर्तव्यनिष्ठा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जिले के नवरत्नों को मान्यवरों के हस्ते स्मृति चिन्ह, शाल-श्रीफल एवं सम्मान पत्र प्रदान कर गौरवान्वित किया गया।
![]()
समारोह में उपस्थित सैकड़ों गणमान्य नागरिक, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि इन गौरवपूर्ण क्षणों के साक्षी बने। पीटीजी ने इस बार अपने स्थापना दिवस को पारंपरिक आयोजन से अलग एक भावनात्मक और डिजिटल प्रस्तुति के रूप में प्रस्तुत किया। सम्मानित सत्कारमूर्तियों के जीवन, संघर्ष, कार्यकुशलता एवं उपलब्धियों पर तैयार की गई विशेष डॉक्यूमेंट्री को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से उपस्थित मान्यवरों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जब स्क्रीन पर इन नवरत्नों की कर्मयात्रा और समाज के लिए किए गए कार्य जीवंत हुए तो सभागार भावुक हो उठा और उपस्थित लोगों ने तालियों की गूंज के साथ उनके योगदान को सलाम किया।
![]()
इसी अवसर पर प्रेस ट्रस्ट ऑफ गोंदिया की 11 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को भी चित्रों और डिजिटल प्रस्तुति के माध्यम से सामने रखा गया। स्थापना से लेकर अब तक पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार और समाजहित के विभिन्न विषयों पर पीटीजी द्वारा किए गए कार्यों तथा समय-समय पर जिले की प्रतिभाओं एवं समाजसेवियों को दिए गए सम्मान की यात्रा को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। पीटीजी ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले हर ‘कोहिनूर’ को पहचान और सम्मान देना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
![]()
समारोह के उद्घाटक एवं नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य राजेंद्र जैन सत्कारमूर्तियों के सम्मान और उनकी उपलब्धियों को देखकर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे इस गौरवपूर्ण पल के साक्षी बने। अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर जिले का नाम रोशन करने वाले ये सभी वास्तव में जिले के नवरत्न हैं। उन्होंने सभी सत्कारमूर्तियों को उनके योगदान के लिए सलाम करते हुए पीटीजी के आयोजन की सराहना की।
![]()
वरिष्ठ पत्रकार भगत ठकरानी को प्रदान किए गए प्रेस ट्रस्ट ऑफ गोंदिया जीवन गौरव सम्मान का उल्लेख करते हुए सांसद जैन ने कहा कि लंबे समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए राजनीतिक एवं सामाजिक पहलुओं के माध्यम से जिले और शहर के लिए कार्य करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। अपने चिर-परिचित अंदाज में उन्होंने मंच से ऐसे ‘मिठास भरे शब्दबाण’ भी चलाए कि सभागार में ठहाके गूंज उठे। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा—”ये मेरा परिवार है, मेरे अपने लोग हैं। जब-जब जरूरत पड़ेगी, मैं सदैव इनके साथ खड़ा मिलूंगा।”
![]()
पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने भी पीटीजी की 11 वर्षों की गौरवशाली यात्रा और आयोजन की सराहना करते हुए सभी सत्कारमूर्तियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मंच पर दूसरी बार आने का अवसर मिला और इस गौरवपूर्ण समारोह का हिस्सा बनना वे स्वयं के लिए भी गौरव की बात मानते हैं। उन्होंने गोंदिया जिले के नागरिकों से पुलिस प्रशासन को मिल रहे सहयोग तथा जिले की शांति और कानून-व्यवस्था की भी सराहना की।
![]()
नगर परिषद अध्यक्ष सचिन शेंडे ने भी पीटीजी द्वारा जिले की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने की पहल को सराहा। उन्होंने कहा कि इस मंच पर उपस्थित होकर उन्हें बेहतर अनुभूति हुई। उन्होंने पत्रकारों के लिए नगर परिषद के माध्यम से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने तथा शहर के विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर नवागत एसडीपीओ दिनेश शुक्ला तथा अतिरिक्त जिलाधिकारी अभिजीत घोरपड़े ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पीटीजी के आयोजन और सम्मानित व्यक्तित्वों के कार्यों की सराहना की।
![]()
पीटीजी अध्यक्ष अपूर्व मेठी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में संस्था की गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों एवं 11 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों, सत्कारमूर्तियों और उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था को अब तक मिले प्रेम, सहयोग और विश्वास ने ही पीटीजी की यात्रा को निरंतर मजबूती प्रदान की है।
इन नवरत्नों को मिला सम्मान
प्रेस ट्रस्ट ऑफ गोंदिया द्वारा वरिष्ठ पत्रकार भगत ठकरानी को ‘प्रेस ट्रस्ट ऑफ गोंदिया जीवन गौरव सम्मान’ प्रदान किया गया।
दुलीचंद बुद्धे को स्व. श्री रणजीतभाई जसानी स्मृति सामाजिक सेवा सम्मान, जिला नियोजन अधिकारी डॉ. रूपेशकुमार राऊत को स्व. श्री रामकिशोरजी कटकवार स्मृति कर्तव्यनिष्ठ सम्मान, प्रा. सत्यनारायण यदुवंशी को स्व. श्री रामदेवजी जायसवाल स्मृति साहित्यरत्न सम्मान, प्रगतिशील किसान दादा फुंडे को स्व. श्री मोहनलालजी चांडक स्मृति कृषिरत्न सम्मान, नरेंद्र गौतम को सहयोग संस्थान की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मान, दिव्या नितिन भोजवानी को स्व. श्री दीपम देवेंद्रभाई पटेल स्मृति योगरत्न सम्मान, डॉ. सुधीर जोशी को स्व. प्राचार्य श्री योगेश नासरे स्मृति विशेष सेवा सम्मान तथा वृक्षधारा फाउंडेशन को स्व. श्री रूपनारायण झा स्मृति विशेष सम्मान प्रदान कर गौरवान्वित किया गया।
समारोह के दौरान नेपाल में हुई भीषण त्रासदी तथा भारत के नागरिकों की अकाल मृत्यु पर उपस्थितों ने दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही पीड़ितों की सहायता के लिए सहयोग राशि का धनादेश प्रेस ट्रस्ट ऑफ गोंदिया की ओर से अतिरिक्त जिलाधिकारी अभिजीत घोरपड़े को सौंपा गया। इस पहल ने समारोह को सामाजिक संवेदना का एक और मजबूत आयाम प्रदान किया।
कार्यक्रम की प्रभावी प्रस्तावना रवि आर्य ने रखी, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी जयंत शुक्ला ने बखूबी निभाई।
समारोह की सफलता के लिए प्रेस ट्रस्ट ऑफ गोंदिया के पदाधिकारियों आशीष वर्मा, जाहीद (जावेद) खान, मुकेश शर्मा, अंकुश गुंडावार, नरेश रहिले, संजीव बापट, हरिंद्र मेठी, राजन चौबे, योगेश राऊत, कपिल केकत सहित बड़ी संख्या में पत्रकार बंधुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
