एनसीपी नागपुर शहर में शहजाद शेख को बड़ी जिम्मेदारी; शहर महासचिव पद पर नियुक्ति

22 Views

प्रतिनिधि।

नागपुर। राष्ट्रवादी काँग्रेस पार्टी (एनसीपी) नागपुर शहर ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए शहजाद शेख को शहर महासचिव पद की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी नियुक्ति पर प्रदेश उपाध्यक्ष बजरंगसिंह परिहार, पूर्व विरोधी पक्ष नेता तानाजी वनवे, पार्टी के शहर अध्यक्ष अनिल अहिरकर एवं कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत शिवणकर की ओर से उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।


शहजाद शेख पिछले अनेक वर्षों से नागपुर शहर के हसनबाग, नंदनवन, सक्करदरा, ताजबाग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर आम नागरिकों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर नागरिकों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने के कारण उन्होंने क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।


सामाजिक एवं जनसरोकार के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने वाले शहजाद शेख की नियुक्ति को पार्टी संगठन के विस्तार और मजबूती की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद शेख ने पार्टी के विचारों एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा आम नागरिकों की आवाज को मजबूती से उठाने का संकल्प व्यक्त किया।
शहजाद शेख की नियुक्ति से एनसीपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। आगामी दिनों में नागपुर शहर में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की दिशा में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहने की उम्मीद है।

शहजाद शेख ने अपनी नियुक्ति पर वरिष्ठ नेताओं के साथ ही पक्ष की राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री सुनेत्राताई पवार, पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सांसद सुनील तटकरे, नागपुर प्रभारी व राज्यसभा सांसद राजेन्द्र जैन का आभार व्यक्त कर पक्ष निष्ठा के साथ पक्ष की मजबूती पर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related posts